जबलपुर। पति के सेवा अभिलेख से नाम हटाए जाने के बावजूद न्यायालय ने महिला को उसकी वैवाहिक पत्नी घोषित किया है। इससे मायाबाई गौड़ के लिए पारिवारिक पेंशन मिलने का रास्ता साफ हो गया है।न्यायाधीश दीप्ति चौहान की अदालत ने गांधी व्यायाम शाला, रांझी निवासी मायाबाई गौड़ के पक्ष में निर्णय सुनाया। प्रकरण में अधिवक्ता राणा भट्टाचार्य ने पैरवी की।
आयुध निर्माणी खमरिया में कार्यरत नोखेलाल गौड़ का विवाह मायाबाई से 10 मार्च 1983 को हुआ था। वर्ष 1992 में पति ने उन्हें घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह मायके इटारसी में रहने लगीं। पति ने रांझी थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और सेवा अभिलेख से पत्नी का नाम भी हटवा दिया। 29 अगस्त 2013 को पति की मृत्यु के बाद मायाबाई ने पारिवारिक पेंशन का दावा किया, लेकिन सेवा अभिलेख में नाम नहीं होने से परेशानी आई। न्यायालय ने सुनवाई के बाद उन्हें स्व. नोखेलाल गौड़ की वैवाहिक पत्नी घोषित कर दिया। इससे पेंशन प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त हुआ।
