डिंडौरी। जिले में 26 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक के धान कारोबार का ऐसा हिसाब सामने आया है, जिसमें 140 किसानों के नाम पर 1.22 लाख क्विंटल से ज्यादा धान की खरीदी दर्ज है, लेकिन सत्यापन के लिए बुलाए गए 16 विक्रेताओं ने धान बेचना तो दूर, उसका भुगतान तक मिलने से इनकार कर दिया। हैरानी की बात यह है कि इनमें भूमिहीन, अल्पभूमि धारक मजदूर और बीपीएल श्रेणी के हितग्राही शामिल हैं।
कुछ लोग कथित तौर पर उसी फर्म में 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी पर काम करते हैं, जिसके पोर्टल पर उनके नाम से लाखों रुपये की धान खरीदी दर्ज कराई गई। कृषि उपज मंडी समिति गोरखपुर से जुड़े इस मामले में हरिहर ट्रेडर्स, ग्राम हर्रा के प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा की भूमिका जांच के दायरे में है। जिला प्रशासन के जांच प्रतिवेदन में फर्जी दस्तावेजों और पहचान संबंधी जानकारियों के सहारे धान की खरीदी दर्शाने, इसी आधार पर महाराष्ट्र और तेलंगाना तक स्टॉक भेजने तथा हरिहर राइस मिल में कस्टम मिलिंग के दौरान गंभीर अनियमितताओं के तथ्य सामने आए हैं। मामला केवल कागजी खरीदी तक सीमित नहीं है। शासकीय धान की मिलिंग के लिए निर्धारित बिजली खपत और वास्तविक खपत में 87,250 यूनिट का अंतर मिला है, जबकि निगवानी गोदाम में जमा चावल की गुणवत्ता भी निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतरी।
मंडी सचिव और निरीक्षक को नोटिस, निलंबन प्रस्ताव भोपाल रवाना
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हरिहर ट्रेडर्स के प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा और हरिहर राइस मिल के संचालक सोनेश खनूजा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं मंडी सचिव अशोक राजपूत और मंडी निरीक्षक गुलाब सिंह धुर्वे को सात दिन में जवाब देने का नोटिस जारी किया गया है। दोनों के तत्काल निलंबन का प्रस्ताव भी भोपाल भेजा गया है।
