
मंदसौर। प्रवासी समुदाय घुमंतू कार्य, मालवा प्रांत जिला मंदसौर की प्रतिभाशाली बेटी सिमरन चौहान (मोरखेड़ा) ने सामाजिक और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपने अदम्य साहस और मेहनत के बल पर राज्य स्तरीय मिनी गोल्फ चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले और समाज का गौरव बढ़ाया है।
सिमरन इससे पूर्व तमिलनाडु और महाराष्ट्र में आयोजित नेशनल मिनी गोल्फ प्रतियोगिताओं में भी अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके संघर्षपूर्ण सफर की सराहना की।
इस अवसर पर श्री मीणा ने कहा कि “सिमरन की उपलब्धि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विमुक्त, घुमंतू एवं वंचित समुदाय के अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
सम्मान समारोह के दौरान प्रवासी समुदाय घुमंतू कार्य, मालवा प्रांत जिला मंदसौर के जिला संयोजक रूपदेव सिंह सिसोदिया, शिक्षा आयाम प्रभारी देवीलाल सुनार्थी, एवं कई छात्राएं उपस्थित रहीं।
सिमरन की यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। यह इस बात का उदाहरण है कि संघर्ष, आशा और दृढ़ संकल्प से हर सपना साकार किया जा सकता है।
