इंदौर:हीरानगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. अज्ञात बदमाशों ने डिजिटल गिरफ्तारी का भय दिखाकर 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला और उनके पति से एक करोड़ 15 लाख रुपये हड़प लिए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि फरियादिया सुमन लता सक्सैना उम्र 77 साल निवासी बजरंग नगर ने शिकायत दर्ज कराई है कि 15 से 30 नवंबर के बीच उनके मोबाइल नंबर पर कॉल कर आरोपियों ने उन्हें और उनके पति को वीडियो कॉल पर कथित तौर पर डिजिटल अरेस्ट में रखा.
इस दौरान आरोपियों ने खुद को अधिकारी बताकर गंभीर कार्रवाई की धमकी दी और लगातार दबाव बनाते रहे. डर और मानसिक दबाव में आकर दंपती ने आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों एवं एनएफटी के माध्यम से 1,15,00,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए. शिकायत की जांच के बाद हीरानगर पुलिस ने प्रकण दर्ज किया है. पुलिस साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
