नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) विदेश मंत्रालय ने कहा है कि रूसी सेना में भर्ती 139 भारतीय नागरिकों को अब तक मुक्त कराया जा चुका है और 59 अन्य के बारे में रूसी अधिकारियों के साथ बातचीत चल रही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को नियमित ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से भारत के 259 नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किया गया है । उन्होंने कहा कि इनमें से 139 को मुक्त करा लिया गया है और 59 के बारे में रूसी अधिकारियों के साथ बातचीत चल रही है।
उन्होंने कहा कि रूस में नौकरी के लिए जाने वाले भारतीयों को बेहद अधिक सावधान रहने की जरूरत है और किसी लालच में आकर गैर कानूनी पेशकश को स्वीकार नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय ने कई बार परामर्श जारी कर कहा है कि वहां इस तरह की भर्ती के कारण जीवन को खतरा है और इससे दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है और सरकार इस दिशा में लोगों को जागरूक करती रहती है।
