
भोपाल। मप्र पुलिस की नारकोटिक्स विंग, इंदौर द्वारा हाल ही में एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के अनिवार्य प्रावधानों पर केंद्रित एक दिवसीय ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जिला पुलिस बल एवं विशेष इकाइयों के अनुसंधान अधिकारियों को कानूनी प्रावधानों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
वेबिनार में वरिष्ठ शासकीय अधिवक्ता अभिजीत सिंह राठौड़, इंदौर ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में धारा 50 के अनिवार्य प्रावधानों, तलाशी की प्रक्रिया तथा कानून की वर्तमान न्यायिक व्याख्या पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
इस ऑनलाइन सत्र में प्रदेशभर से सहायक उप निरीक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के लगभग 1,600 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एनडीपीएस मामलों की विवेचना के दौरान वैधानिक प्रावधानों का सख्ती और शुद्धता के साथ पालन सुनिश्चित करना था, ताकि मामलों की कानूनी मजबूती बढ़े और प्रक्रियागत त्रुटियों में कमी लाई जा सके।
