
ग्वालियर। सायबर अपराधियों द्वारा शिकार फांसने के लिए नित्य नए फंडे अपनाए जा रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने चाचा ससुर बनकर एक महिला से सात लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
समाधिया कॉलोनी निवासी तमन्ना गंगवानी पत्नी ललित तिलोकानी ने जनकगंज थाने में शिकायत की है कि बीती 24 दिसंबर को सुबह 11 बजे उसके मोबाइल नंबर पर फेसबुक मैसेज आया, जिसमें मैसेज करने वाले ने चाचा ससुर बनकर कहा कि 10,40,600 रुपए तुम्हारे खाते में आ जाएंगे, तुम दो दिन बाद अपना आधार कार्ड लगाकर यह रुपए निकाल लेना। इसके दो दिन बाद एक मैसेज आया जिसमें बैंक कर्मचारी बनकर कहा गया कि तुम्हारे खाते में पैसे आ गए है, जिन्हें तुम कल निकाल लेना। उसी दिन एक और कॉल करके एजेंट का नंबर का मोबाइल नंबर देते हुए कहा गया कि उक्त एजेंट से बात कर लो। कुछ देर बाद दिए गए नंबर से खुद ही कॉल आ गया, जिसमें कॉलर ने एजेंट बनकर बात करते हुए कहा कि तुम्हारे खाते में पैसे तो आ गए हैं,
फिर उसने एक खाता नंबर देकर उसमें पैसे डालने को कहा तो मैंने उक्त खाते में करीब सात लाख रुपए डाल दिए। इसके अगले दिन उन्होंने अपने जेठ जीतू को दुबई में कॉल लगाकर सारी घटना बताई तो उन्होंने बताया कि तुम्हारे साथ धोखाधड़ी हो गई है।
*बेटे के इलाज के लिए जोड़े थे पैसे*
ठगी का पता लगने पर फरियादिया ने जब आए हुए नंबर पर कॉल लगाकर बात करने का प्रयास किया, तो वह स्विच ऑफ हो गया। पीड़िता के मुताबिक उसका बेटा बीमार है, उसके इलाज के लिए ही उसने यह सात लाख रुपए की रकम जैसे- तैसे जोड़ी थी, जिसे सायबर ठगों ने हड़प लिया, अब मेरे बेटे का इलाज कैसे होगा। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308, 318 (4) व 319 (2) के तहत एफआईआर दर्ज कर उस तक पहुंचने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
*इनका कहना है..*
साइबर अपराधियों ने चाचा ससुर बनकर महिला से सात लाख रुपए की ठगी की गई है। फरियादिया की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को जांच में ले लिया गया है।
अतुल सोलंकी, टीआई, जनकगंज
