ओंकारेश्वर से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार गुना बायपास पर दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, 5 घायल

गुना: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गुना बायपास पर श्रद्धालुओं की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार हवा में करीब 40 फीट तक उछल गई। इस हादसे में परिवार की एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची समेत पांच अन्य लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के रहने वाले थे। परिवार ओंकारेश्वर में दर्शन करने के बाद ग्वालियर की ओर जा रहा था, जहां उन्हें एक रिश्तेदार के यहां धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना था और अगले दिन वापस उत्तर प्रदेश प्रस्थान करना था। शनिवार सुबह जब उनकी कार गुना बायपास से गुजर रही थी, तभी यह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे के वक्त कार में 5 वयस्क और एक बच्ची सवार थे।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में बुजुर्ग महिला अनीता अग्रवाल की मृत्यु हो गई। जबकि गिरधर अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, शिवानी अग्रवाल, कृष्वी अग्रवाल और उनके पड़ोसी लोकेश द्विवेदी घायल हुए हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों का उपचार जारी है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Next Post

रीवा और मऊगंज के 1.29 लाख परिवारों को मिलेगा शुद्ध पानी

Sat Apr 4 , 2026
रीवा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार ठोस कार्य किए जा रहे हैं.इसी क्रम में रीवा संभाग में मध्यप्रदेश जल निगम की परियोजना क्रियान्वयन इकाई, रीवा द्वारा संचालित रीवा समूह जल प्रदाय योजना ने महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज […]

You May Like