
सतना/ मैहर। गणतंत्र दिवस की संध्या पर नवगठित मैहर जिले में तीसरे भारत पर्व के आयोजन में बुन्देली लोकगीत और लोक नृत्य नौरता की धूम रही। मैहर में स्थानीय सरस्वती उ.मा.विद्यालय के सभाकक्ष में भारत पर्व के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ गणतंत्र दिवस समारोह की मुख्य अतिथि कलेक्टर रानी बाटड, विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
भारत पर्व के आयोजन स्थल परिसर में जनसम्पर्क विभाग द्वारा मध्यप्रदेश के चौतरफा विकास और अभ्युदय मध्यप्रदेश की थीम पर विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसे भारत पर्व के कार्यक्रम में आने वाले सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने बडे ही मनोयोग से देखा। मैहर जिले के भारत पर्व के कार्यक्रम में बलराम पुरोहित भोपाल और उनकी टीम द्वारा बुन्देली लोक गायन और सागर की सुश्री राजकुमारी रजक और उनके दल द्वारा लोक नृत्य नौरता की नयना भिराम प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को कलेक्टर और विधायक ने मां शारदा की चूनर भेंटकर सम्मानित किया। स्वराज संस्थान संचालनालय, संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन एवं जनसम्पर्क संचालनालय के संयुक्त गौरवमयी आयोजन की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, एसडीएम दिव्या पटेल, सीएसपी महेन्द्र सिंह, तहसीलदार जीतेन्द्र पटेल, संतोष सोनी सहित मैहर जिले के गणमान्य नागरिक और आम नागरिक उपस्थित रहे।
