जबलपुर: भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय महिला ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के अनुसार साधना चौधरी (26) ने 18 फरवरी 2026 की शाम भेड़ाघाट स्थित अपने किराए के मकान में फांसी लगा ली थी। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहाँ 23 फरवरी की रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
जांच में हुआ प्रताड़ना का खुलासा
पुलिस जांच और मायके पक्ष के बयानों में यह बात सामने आई कि साधना की शादी अप्रैल 2021 में राजकुमार चौधरी से हुई थी। शादी के दो साल बाद से ही पति राजकुमार दहेज में रुपयों और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर साधना के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा था। मृतिका के भाई टीकाराम ने बताया कि आरोपी उसे फोन पर धमकी देता था कि अपनी बहन को ले जाओ, वरना उसे जान से खत्म कर दूंगा। इसी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर साधना ने आत्मघाती कदम उठाया।
