सिंगरौली: जिले की बैढ़न कोतवाली पुलिस ने गनियारी स्थित पीएम आवास कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सारा सामान भी बरामद कर लिया है।घटना 22 से 24 फरवरी के बीच की है, जब अज्ञात चोरों ने गनियारी निवासी अमन अग्रहरी के बंद मकान की खिड़की का कांच तोड़कर भीतर प्रवेश किया और वहां से इन्वर्टर, बैटरी व टेबल चोरी कर ली। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रिंस गुप्ता को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी पीयूष सिंह गहरवार के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 हजार रुपये मूल्य का मशरूका बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक अशोक सिंह परिहार और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
