बागेश्वर धाम में 4 जनवरी को होगा ऑनलाइन श्री हनुमान चालीसा हवन

छतरपुर। बागेश्वर धाम सरकार द्वारा नववर्ष 2026 के शुभारंभ को आध्यात्मिक ऊर्जा से जोड़ते हुए 4 जनवरी 2026 को द्वितीय ऑनलाइन श्री हनुमान चालीसा हवन का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष धार्मिक आयोजन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से संपन्न होगा, जिसमें देश और विदेश में रहने वाले लाखों भक्त ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता कर सकेंगे।

बागेश्वर धाम समिति के अनुसार, यह हवन कार्यक्रम भक्तों को हनुमान चालीसा पाठ और हवन सेवा के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने तथा नकारात्मक प्रभावों से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का सीधा और एकमात्र लाइव प्रसारण बागेश्वर धाम के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा, जिससे भक्त अपने घरों से ही पूर्ण श्रद्धा के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हो सकें।

ऑनलाइन हवन में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को अपने घर पर तिल, जौ, चावल, धूप, शक्कर, घी, दीपक, फूल, हवन की लकड़ी, कपूर, नारियल, कलावा, सुपारी, रुई, माचिस, जल तथा एक हवन कुंड या अस्थायी कुंड जैसी सामग्री तैयार रखने की सलाह दी गई है। निर्धारित समय पर यूट्यूब चैनल से जुड़कर भक्त सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा पाठ और हवन में आहुतियां दे सकेंगे।

आचार्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कहना है कि सामूहिक हनुमान चालीसा हवन से वातावरण शुद्ध होता है, मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है। यह आयोजन भक्तों को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Next Post

कोटा युवक हत्याकांड: छतरपुर से 8 आरोपी गिरफ्तार

Fri Jan 2 , 2026
छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटा में युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने छतरपुर जिले से कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने […]

You May Like