
अलवर, 11 अगस्त (वार्ता) राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के शेखपुर थाना क्षेत्र में जोजाका गांव में मंगलवार को कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ के आगे जा रहे डीजे कैंटर के 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से कैंटर में सवार पांच लोग झुलस गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीजे कैंटर के ऊपर बैठे झुलसे चार युवक सागर, मोहित, करण और सुनील बताए जा रहे हैं। एक कांवड़ियां भी झुलसा है।
हादसे के बाद परिजन और कांवड़ यात्रा में शामिल लोग तत्काल घायलों को तिजारा अस्पताल लेकर पहुंचे। तिजारा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे चार लोगों को अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल भेज दिया गया। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए अलवर लाया गया है।
हादसे के बाद घायलों के परिजनों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन काफी नीचे थी और सड़क से करीब 10 फुट की ऊंचाई पर थी। इसी वजह से डीजे कैंटर के ऊपर बैठे लोग विद्युत लाइन के संपर्क में आ गये। हादसे के दौरान विद्युत लाइन भी टूट गयी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी और कांवड़ यात्रा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
