
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में बच्चों के अपहरण और गुमशुदगी की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से इस मुद्दे पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर बच्चों की सुरक्षा के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने तथा राज्य स्तर पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
जीतू पटवारी ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के वर्ष 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2024 के दौरान बच्चों के अपहरण के 11,594 मामले दर्ज हुए, जो महाराष्ट्र के बाद देश में दूसरे सबसे अधिक हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में दर्ज 7,058 मामलों की तुलना में यह लगभग 64 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। उनके अनुसार देशभर में दर्ज 75,108 बाल अपहरण मामलों में से 15 प्रतिशत से अधिक अकेले मध्यप्रदेश से हैं।
उन्होंने पत्र में कहा कि वर्ष 2024 में प्रदेश से 19,131 बच्चे लापता हुए, जिनमें 15,282 बालिकाएं और 4,886 बालक शामिल हैं।
पटवारी ने प्रत्येक जिले में बाल अपहरण मामलों की अनिवार्य मासिक समीक्षा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष जांच अभियान, पुलिस, रेलवे पुलिस और बाल संरक्षण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय तथा मानव तस्करी एवं संगठित अपराध से निपटने के लिए संयुक्त टास्क फोर्स के गठन की मांग की। उन्होंने पिछले पांच वर्षों में इस दिशा में सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का सार्वजनिक ब्यौरा भी जारी करने की मांग की।
