
बालाघाट, जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र में गुरुवार 6 अगस्त को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की पीड़ा को और बढ़ा दिया। जिला अस्पताल से अपने छोटे भाई का शव लेकर गांव लौट रहे परिवार के साथ एक और बड़ा हादसा हो गया। शव वाहन के पीछे बाइक से आ रहे युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले खैरलांजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान अंकुर नेवारे (30 वर्ष), पिता भाऊदास नेवारे, निवासी मोहगांव बैजू के रूप में हुई है। बताया गया कि उसके छोटे भाई रोहित नेवारे (25 वर्ष) की उपचार के दौरान जिला अस्पताल बालाघाट में मौत हो गई थी। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे परिजन रोहित का शव वाहन से लेकर अपने गांव मोहगांव बैजू लौट रहे थे। वहीं अंकुर नेवारे अकेले बाइक से शव वाहन के पीछे-पीछे चल रहा था।
इसी दौरान भौरगढ़ और किन्ही के बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंकुर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल खैरलांजी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बालाघाट रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस हृदयविदारक घटना से मोहगांव बैजू गांव में शोक का माहौल है। एक ओर परिवार पहले से ही युवा बेटे रोहित की मौत के सदमे में था, वहीं घर पहुंचने से पहले ही बड़े भाई अंकुर के हादसे का शिकार होने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
