पोते की मौत के सदमे में दादा ने हनुमान जी की प्रतिमा तोड़ी 

सीधी। एक महीने के पोते की बीमारी से मौत के बाद सदमे में दादा ने मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान जी की प्रतिमा तोड़ दी। घटना के बाद गांव में हडक़ंप मच गया। अमिलिया थाना पुलिस के अनुसार, बलहया निवासी 56 वर्षीय रामभुवन द्विवेदी के एक महीने के पोते को निमोनिया हो गया था। 4 जुलाई को उसे सीधी जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। परिवार ने बच्चे के स्वस्थ होने की कामना को लेकर पूर्वजों के मंदिर में स्थापित भगवान बजरंग बली से मन्नत मांगी थी। परिवार ने संकल्प लिया था कि बच्चा ठीक होने पर मंदिर में भंडारा, पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन कराया जाएगा। इलाज के दौरान सोमवार रात करीब 8 बजे बच्चे की मौत हो गई। उसे देर रात घर लाया गया। इसकी जानकारी जब दादा रामभुवन द्विवेदी को लगी तो वह सदमे में आ गए। उन्होंने मंगलवार सुबह 9 बजे मंदिर पहुंचकर मूर्ति तोड़ दी और मंदिर के पास बैठकर रोने लगे। प्रतिमा खंडित होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने सिहावल पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने पोते की मौत से हुए मानसिक आघात के कारण यह कदम उठाया।

इनका कहना है

प्रथम दृष्टया घटना पोते की मौत के गहरे सदमे में हुई प्रतीत होती है। आरोपी रामभुवन द्विवेदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 298 और 299 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुष्पेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी सिहावल

Next Post

लाडली बहन योजना के नाम पर 62 लाख महिलाओं के साथ हुआ धोखा : कांग्रेस

Tue Jul 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस ने महाराष्ट्र सरकार की लाडली बहन योजना को महिलाओं के साथ धोखा करार देते हुए आरोप लगाया है कि चुनाव से पहले शुरू की गई इस योजना से सरकार बनने के बाद 62 लाख महिलाओं को योजना से बाहर कर दिया गया है। पार्टी […]

You May Like