सतना : शहर में संचालित मदरसे से एक बालक अचानक गुम हो गया था. जिसकी तलाश कर रही पुलिस टीम ने उसे प्रयागराज उप्र से दस्तयाब कर लिया. जिसके बाद बालक को परिजनों को सौंप दिया गया.कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार दरभंगा बिहार के निवासी अनवारुल उलूम शहर के वार्ड क्र. 37 में संचालित मदरसे की देखरेख करते हैं.
अनवारुल द्वारा 28 जून को इस बात की शिकायत की गई कि उनके मदरसे में अध्ययनरत एक बालक जिसकी उम्र 9 वर्ष है वह अचानक गुम हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बालक की तलाश शुरु की. साइबर सेल सहित मुखबिरों के जरिए पुलिस को इस बात की सूचना मिली कि बालक प्रयागरात उप्र में मौजूद है. जिसे देखते हुए सउनि नरेंद्र सिंह गहरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम प्रयागराज पहुंच गई. जहां के खुल्दाबाद थाने से उक्त बालक को दस्तयाब करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
