लंदन, 08 जून (वार्ता) इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने टीवी पर अधिक दर्शक उपलब्धता सुनिश्चत करने के लिए अगले महीने भारत के खिलाफ होने वाली टी-20 मैचों की सीरीज के समय में बदलाव किया है। भारतीय पुरुष टीम एक से 19 जुलाई के बीच आठ सफेद गेंद मैच (पांच टी-20 और तीन वनडे) खेलने के लिए दौरा करेगी। पांच मैचों की टी-20 सीरीज में शाम को होने वाले तीन मैचों का समय पहले स्थानीय समयानुसार शाम 6.30 बजे तय किया गया था। लेकिन अब ईसीबी ने ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत के बाद समय बदलकर शाम 5.30 बजे कर दिया गया है।
इंग्लैंड में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैचों के शुरू होने का समय ईसीबी, वेन्यू, विरोधी बोर्ड और घरेलू व विदेशी ब्रॉडकास्टर्स – इस मामले में स्काई स्पोर्ट्स (ब्रिटेन) और सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (भारत) के बीच बातचीत के बाद तय किया जाता है।
शाम 6.30 बजे के स्लॉट (जो हाल के सीजन में आम हो गया था) में यह बदलाव दिखाता है कि इंग्लिश क्रिकेट “हाई-वैल्यू ब्रॉडकास्ट सीरीज” – यानी वे सीरीज जिनमें भारत खेलता है – पर कितना निर्भर है, यह बात ईसीबी की हाल ही में जारी फाइनेंशियल रिपोर्ट में भी स्पष्ट हुई थी। भारत के दौरे की वजह से ईसीबी को इस साल मुनाफा होने की उम्मीद है।
