महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट बढ़ा लेकिन सरकार आत्म प्रचार में है व्यस्त : खरगे

नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि देश गंभीर आर्थिक संकट में है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उनके नेतृत्व वाली सरकार सिर्फ आत्म प्रचार में व्यस्त है और इसी का परिणाम है कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट गंभीर रूप से बढ़ा है और जनता पर आर्थिक बोझ थोपा गया है। श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर बुधवार को लिखा कि श्री मोदी जनता को भाषणों की ‘मिठास’ सुनाना चाहते हैं, जबकि आम जनता उनकी सरकार की आर्थिक नीतियों से पैदा हुई ‘मुश्किलों’ के बीच जीवनयापन करने को मजबूर है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में प्रत्येक भारतीय पर औसत कर्ज कई गुना बढ़ा है, जबकि चुनिंदा उद्योगपतियों की संपत्ति में तेजी से इजाफा हुआ है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर तथा व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में भारी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही सीएनजी, दूध, ब्रेड, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर करों तथा उत्पाद शुल्क के माध्यम से जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं के बीच बेरोजगारी बढ़ रही है और भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। श्री खरगे ने दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं के कारण युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा कमजोर हुआ है।

श्री खरगे ने कहा कि रुपये की कीमत में गिरावट, विदेशी निवेश में कमी तथा विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव जैसे संकेत देश की अर्थव्यवस्था की चुनौतीपूर्ण स्थिति को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण बड़ी संख्या में लोग सरकारी राशन सहायता पर निर्भर हो गये हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था कई चुनौतियों से गुजर रही है लेकिन सरकार इन मुद्दों के समाधान के बजाय प्रचार और जनसंपर्क गतिविधियों में अधिक व्यस्त दिखाई देती है।

Next Post

प्रशासनिक निर्णय लेने में देरी, लोगों को उनके वैध अधिकारों से वंचित करने के समान : मुर्मु

Wed May 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिविल अधिकारियों से जनहित और स्थापित व्यवस्था के अनुरूप सही निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा है कि जिस प्रकार न्याय मिलने में देरी को न्याय से वंचित करना माना जाता है उसी प्रकार प्रशासनिक निर्णय लेने में देरी भी […]

You May Like