मुंबई, 20 मई (वार्ता) भूल भुलैया 2 ने रिलीज के चार साल बाद भी अपने संगीत, ‘रूह बाबा’ किरदार और वायरल डांस ट्रेंड्स के जरिए दर्शकों के बीच खास पहचान बनाए रखी है।निर्देशक अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की शूटिंग कोविड-19 महामारी से पहले शुरू हुई थी। फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग महामारी से पहले पूरी कर ली गई थी, जबकि बाकी हिस्से कोविड प्रतिबंध हटने के बाद पूरे किए गए। पोस्ट-पैंडेमिक दौर में रिलीज हुई इस फिल्म ने ऐसे समय में सिनेमाघरों में दस्तक दी, जब दर्शकों को दोबारा थिएटर तक लाने की चुनौती फिल्म इंडस्ट्री के सामने थी।
कार्तिक आर्यन स्टारर इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 266 करोड़ रुपये का कारोबार करते हुए वर्ष 2022 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों में अपनी जगह बनाई। फिल्म में कार्तिक द्वारा निभाया गया ‘रूह बाबा’ का किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। उनकी कॉमिक टाइमिंग और एनर्जेटिक स्क्रीन प्रेजेंस को खास सराहना मिली। फिल्म का टाइटल ट्रैक और कार्तिक आर्यन का ‘ज़िग-ज़ैग हुकस्टेप’ सोशल मीडिया पर बड़ा ट्रेंड बन गया था। इंस्टाग्राम रील्स, कॉलेज फेस्ट और शादियों सहित कई सार्वजनिक आयोजनों में यह डांस स्टेप काफी वायरल हुआ, जिससे फिल्म की लोकप्रियता और बढ़ी।
भूल भुलैया फ्रेंचाइज़ की इस कड़ी ने हॉरर-कॉमेडी शैली में अपनी मजबूत पकड़ कायम रखी। बाद में आई भूल भुलैया 3 की सफलता के साथ यह फ्रेंचाइज़ भारत की सबसे लोकप्रिय हॉरर-कॉमेडी फिल्म सीरीज़ में शामिल हो चुकी है।
फिल्म के चार साल पूरे होने के बाद भी दर्शकों के बीच इसका क्रेज बरकरार है और अब प्रशंसक फ्रेंचाइज़ की अगली फिल्म ‘भूल भुलैया 4’ का इंतजार कर रहे हैं।

