
बैतूल। बोरदेही थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सेल्टिया जलाशय हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड के सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं। गौरतलब है कि 15 मई 2026 को ग्राम कारोपानी के समीप सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राधेश्याम बट्टी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। युवक का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला था, जिसे एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबाया गया था। मृतक की पहचान राजू उईके 22 निवासी ढाकरवाड़ी थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने और गंभीर चोटों के कारण हत्या की पुष्टि हुई थी। जांच में सामने आया था कि मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में पता चला था कि 13 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद राजू उईके आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल से गया था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ के आधार पर 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रुपेश कवडे निवासी टुई ढाना सेल्टिया जिला छिंदवाड़ा, आयुष नर्रे निवासी बामला जिला बैतूल, तेजीलाल उईके निवासी ढाकरवाड़ी जिला छिंदवाड़ा और एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल थे।
