
– नेताओं ने खेली फूलों की होली, कलाकारों ने बांधा समां
ग्वालियर। होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम और सदभाव का पर्व है। यह आयोजन हमारी संस्कृति को सहेजने और समाज को एकजुट करने का प्रयास है। होली ऐसा त्योहार है, जिसमें हर कोई शामिल होता है। आमतौर पर लोग घरों में होली मनाते हैं, लेकिन पार्टी भी एक घर-परिवार है। यह बात विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में कही।
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा संस्कृति गार्डन में रविवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वृंदावन से आए कलाकारों की प्रस्तुतियां देखकर लोग झूमने पर मजबूर हो गये। कार्यक्रम में अतिथियों ने होली के पारंपरिक रंगों में सराबोर होकर सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम और सद्भाव का पर्व है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि होली के अलग-अलग रंग देश की विविधता को दर्शाते हैं। आपसी मतभेद भुलाकर इस पर्व को हर्षोल्लास से मनाना चाहिए। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेलकरएक-दूसरे को होली की बधाई दी। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फूलों की होली खेलकर वातावरण को भक्तिमय बनाया। समारोह में मंच के ठीक सामने वृंदावन के कलाकारों ने होली के रसिया गीतों व नृत्य से समां बांध दिया।
कार्यक्रम में उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, श्रीमती माया सिंह, ध्यानेन्द्र सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, आईजी अरविंद सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चैहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, निगम कमिश्नर संघ प्रिय उपस्थित रहे।
