वसंत कुंज के होटल में नामी कंपनियों के नकली उत्पाद बेचेने वाले गिरोह का भंंडाफोड़, एक गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 05 मई (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने वसंत कुंज के एक लग्जरी होटल में चल रही प्रदर्शनी से नामी कंपनियों के नकली कपड़े और अन्य सामान बेचने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली उत्पाद जब्त किये गये हैं। इनमें कई बड़े ब्रांडों के कपड़े, जूते, घड़ियां और अन्य सामान शामिल हैं। इसके अलावा नकदी, डिजिटल भुगतान उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गयी है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) पंकज कुमार ने बताया कि हरियाणा के नूंह निवासी आरोपी इकबाल (51) को उस स्थान से गिरफ्तार किया गया, जहां वह सक्रिय रूप से प्रदर्शनी का प्रबंधन कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी जानबूझकर ‘डिस्काउंट सेल’ की आड़ में नकली उत्पाद बेच रहा था और ग्राहकों को यह विश्वास दिलाकर गुमराह कर रहा था कि वे कम कीमतों पर असली ब्रांडेड सामान खरीद रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह प्रमुख होटलों और कन्वेंशन सेंटरों में अस्थायी प्रदर्शनियां लगाकर और खरीदारों को आकर्षित करने के लिए भारी छूट देकर काम करता था। नकली उत्पादों को असली बताकर पेश किया जाता था। ग्राहकों को विश्वसनीय अनुभव देने के लिए बिल्कुल असली दिखने वाले बिल दिये जाते थे और स्वाइप मशीन तथा यूपीआई क्यूआर कोड जैसे आधुनिक भुगतान तरीकों का उपयोग किया जाता था। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी एक अन्य व्यक्ति के निर्देश पर काम कर रहा था, जो ऐसी प्रदर्शनियों को आयोजित करने और कई शहरों में नकली सामान की आपूर्ति करने वाला मुख्य सरगना है। छापेमारी के दौरान बड़े पैमाने पर हुई बरामदगी एक सुव्यवस्थित नेटवर्क की ओर इशारा करती है, जो थोक में नकली माल का कारोबार कर रहा है। मामले की जांच जारी है।

.....

Next Post

भाजपा ने शाह को बंगाल और नड्डा को असम के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया

Tue May 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बंगाल और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को असम के लिए पर्यवेक्षक बनाया । भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में श्री […]

You May Like