
रीवा। रीवा में शादी से लौट रहे कार सवार की भीषण सडक़ हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है. हादसा शनिवार की दोपहर रीवा सिरमौर मार्ग स्थित सगरा थाना क्षेत्र के ग्राम लौआ के समीप हुआ है. यहां कार और ट्रक के बीच हुई भिड़ंत में कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई है.
मृतक की पहचान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदा निवासी शिव प्रताप सिंह के रूप में की गई जो बीती रात एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद दोपहर वापस अपने घर लौट रहा था. कार सवार जैसे ही सगरा थाना क्षेत्र स्थित लौआ के समीप पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से कार की टक्कर हो गई. अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने कार में फंसे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उसे अस्पताल भेजा गया, जहां अस्पताल पहुंचते ही घायल कार सवार ने दम तोड़ दिया है. फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही सगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
