
सिंगरौली । सासन पावर लिमिटेड में कार्यरत पीवीएन गु्रप के श्रमिकों ने वेतन, भविष्य निधि पीएफ, एरियर और फेस्टिवल बोनस की मांग को लेकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
श्रमिकों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा और श्रम कानून के अनुसार समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। कर्मचारियों का आरोप था कि वेतन हर माह 1 से 7 तारीख के बीच मिलने के बजाय 20 से 25 तारीख के बीच दिया जाता है, जबकि पीएफ भी नियमित रूप से जमा नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा पिछले करीब पांच वर्षों से एरियर और फेस्टिवल बोनस लंबित होने का भी आरोप लगाया गया। धरना स्थल पर इंटक यूथ प्रदेशाध्यक्ष लाल पुष्पराज सिंह भी पहुंचे। उन्होंने श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि श्रमिकों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा और श्रम कानूनों का पालन करने और कर्मचारियों की मांगों का तत्काल समाधान करने की बात कही। श्रमिकों के आंदोलन के बाद कंपनी प्रबंधन ने लिखित आश्वासन जारी किया। आश्वासन के अनुसार जून माह का वेतन 20 जुलाई तक, जुलाई माह का वेतन 7 अगस्त तक हर हाल में दिया जाएगा। साथ ही 5 सितम्बर माह में सभी कर्मचारियों का लंबित पीएफ जमा कराने का वादा किया गया है।
