
सिंगरौली । जिला स्तरीय विद्युत सलाहकार समिति के अध्यक्ष एवं देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने बुधवार को विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा देवसर विस के सभी कनिष्ठ अभियंताओं के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था, उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण, विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने सभी कनिष्ठ अभियंताओं से उनके-अपने क्षेत्रों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास करने का आश्वासन दिया। बैठक में अधीक्षण अभियंता अजीत सिंह बघेल ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से आरडीएसएस रीवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के तहत पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी दी। बैठक में कार्यपालन अभियंता ग्रामीण ओपी द्विवेदी, शहर दिनकर दुबे, कार्यपालन अभियंता निर्माण उपेंद्र यादव, सहा. अभियंता विपिन द्विवेदी, तरुण मोदी सहित अन्य मौजूद रहे।
पीएम सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर विधायक ने किया प्रेरित
समीक्षा के दौरान शासन की महत्वाकांक्षी कुसुम अ योजना के तहत 500 किलोवाट से 2 मेगावाट तक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर विभाग को बिजली बेचने, कुसुम ब योजना के तहत सोलर पंप तथा कुसुम स योजना के तहत घरेलू सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा फीडर विभक्तीकरण योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिन क्षेत्रों में कृषि फीडर अलग किए जा चुके हैं, वहां घरेलू फीडरों से जुड़े शेष पंप कनेक्शनों को विभागीय नियमों के अनुसार मीटरयुक्त किया जाएगा। बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर विधायक ने सभी कनिष्ठ अभियंताओं को अधिक से अधिक लोगों को योजना की जानकारी देकर उन्हें लाभ लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देशित किया।
