
इंदौर। मध्यप्रदेश बास्केटबॉल संघ द्वारा आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता मध्यप्रदेश राज्य सीनियर (महिला) बास्केटबॉल लीग-2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों में बीएफआई अकादमी और आईटीएम यूनिवर्सिटी, ग्वालियर ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले खेले।
पहले सेमीफाइनल में आईटीएम ग्वालियर ने नीमच जिले को 92-53 से हराया। विजेता टीम की ओर से रिया गौस्वामी ने 23 अंक और खुशी पाल ने 20 अंक का योगदान दिया। नीमच की टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी और ग्वालियर ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।
दूसरे सेमीफाइनल में बीएफआई अकादमी ने एनबीए इंदौर को 90-81 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। बीएफआई अकादमी की ओर से लविना ने 25 अंक, जबकि कप्तान उन्नति राठौर ने 19 अंक बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई। मुकाबला अंत तक रोमांचक रहा, लेकिन निर्णायक क्षणों में बीएफआई अकादमी ने बढ़त बनाए रखी।
वहीं, लोअर लीग के सेमीफाइनल में आरसीसी भोपाल ने गुना को 51-38 से तथा ग्वालियर ने खंडवा को 29-8 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिताब के लिए कड़ा संघर्ष देखने की उम्मीद है।
