नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले वर्ष आज ही के दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गये निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश ऐसी घटनाओं के खिलाफ ज्यादा ताकत के साथ खड़ा रहेगा।
श्री खरगे ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “2025 में आज ही के दिन पहलगाम आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले 26 नागरिकों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। देश निर्दोष नागरिकों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और न ही क्षमा करेगा। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया।”
उन्होंने सशस्त्र बलों के जवानों के शौर्य और बलिदान को भी नमन किया और कहा, “हम अपने बहादुर सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अदम्य दृढ़ संकल्प और साहस के साथ लड़ाई लड़ी। हम सीमा पर तैनात उन नागरिकों को भी याद करते हैं जिन्होंने सीमा पार गोलाबारी में अपनी जान गंवाई। उनका बलिदान राष्ट्र की अंतरात्मा में अंकित है।भारत का मनोबल अटूट, दृढ़ और आतंकवाद के हर कृत्य के विरुद्ध एकजुट है।”
श्री गांधी ने कहा, “पहलगाम में पिछले वर्ष हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हुए सभी वीरों को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। देश उनका बलिदान और उनके परिवारों की पीड़ा को न कभी भूलेगा, और न ही इस कायराना कृत्य के दोषियों को कभी माफ करेगा। बेरहमी से छीने गए मासूम जिंदगियों की याद आज भी हमारे दिलों को झकझोरती है। शहीदों के परिवारों का दुःख हम सब का दुःख है। देश के उन बेटों की शहादत भारत की आत्मा में सदा अमिट रहेगी।”
उन्होंने कहा, “आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ पूरा देश एकजुट था, है और हमेशा रहेगा। नफरत और डर फैलाने वाली ताकतों के सामने भारत कभी नहीं झुकेगा – हम और अधिक मजबूती, एकता और संकल्प के साथ इसके विरुद्ध खड़े रहेंगे।जय हिंद।”
