भोपाल: नारियलखेड़ा में निजी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। उपासना जौहरी की करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिए थे। इन करीब 40 अवैध निर्माणों को हटाने के लिए सुबह 8 बजे से बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई।प्रशासन ने कार्रवाई को लेकर सोमवार रात से ही पूरी तैयारी कर ली थी। लोक निर्माण विभाग की मदद से क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर पूरे इलाके को कवर किया गया है। किसी भी तरह के विवाद से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसके चलते पूरा नारियलखेड़ा पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। नगर निगम का अतिक्रमण अमला भी कार्रवाई में जुटा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, जमीन पर कब्जे का मामला साल 2005 से हाईकोर्ट में चल रहा था। करीब तीन साल पहले मामले में फैसला आया था और प्रशासन ने जमीन खाली कराने की तैयारी भी की थी, लेकिन झुग्गी में रहने वाले लोगों की ओर से बार-बार स्टे ले आने के कारण कार्रवाई टलती रही। इस बार हाईकोर्ट से स्टे नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की है।
