मुंबई, 18 सितंबर (वार्ता) प्राइम वीडियो की हिंदी ओरिजिनल सीरीज ‘दुपहिया’ के दूसरे सीजन का प्रीमियर एक अक्टूबर को होगा। धड़कपुर की पृष्ठभूमि पर आधारित कॉमेडी-ड्रामा सीरीज के नए सीजन में गांव के लोगों के सामने नई चुनौतियां और परेशानियां आएंगी। ‘दुपहिया’ के दूसरे सीजन का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले इसका निर्माण किया है। अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग इसके लेखक और रचनाकार हैं।
सीरीज में गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी दूसरे सीजन में शामिल हुए हैं। ‘दुपहिया’ सीजन 2 का प्रीमियर एक अक्टूबर को भारत सहित दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर होगा।

