
सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज आंधी के दौरान उड़ती लोहे की चादर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम चंदवाही में 60 वर्षीय रघुनाथ साकेत पर उड़ती हुई लोहे की सीट चादर गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुई, जब अचानक तेज आंधी और तूफान शुरू हो गया। तेज हवाओं के कारण कई मकानों की लोहे की सीटें उड़ने लगीं। रघुनाथ साकेत अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर निकलकर भाग रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घर से लगभग 80 मीटर दूर पहुंचते ही एक उड़ती हुई लोहे की सीट उनके पैर के ऊपरी हिस्से में जा धंसी। वे खुद को संभालने का प्रयास कर ही रहे थे कि एक और लोहे की सीट तेज रफ्तार से उड़कर आई और उनके शरीर में जा लगी। दोनों सीटों से लगी गंभीर चोटों के कारण उनका काफी खून बह गया। मृतक के बड़े भाई जगन्नाथ साकेत ने बताया कि वे घटना के समय पास में ही मौजूद थे। उन्होंने कहा आंधी शुरू होते ही हम सभी बाहर भाग रहे थे। मेरा भाई आगे था, तभी एक उड़ती हुई सीट उसके शरीर में घुस गई। उसने मदद के लिए पुकारा। जगन्नाथ और उनके बेटे ने रघुनाथ की ओर दौड़ लगाई, लेकिन तब तक दूसरी सीट भी उन्हें लग चुकी थी।
