सतना: जंगल के बीच बहने वाली नदी के सुनसान किनारों को बड़े पैमाने पर देशी हाथ की अवैध महुआ शराब बनाने के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। भरना कि जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। जिसके चलते नदी के गहरे पानी में छिपाकर रखे गए महुआ लाहन के जखीरे को बरामद कर नष्ट करा दिया गया।मैहर जिले के ताला थाना प्रभारी महेन्द्र मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चौकी मुकुंदपुर क्षेत्र में जंगल के पास बहने वाली मुरझुआ नदी के मरघट घाट से लेकर कस्तरा घाट तक, अवैध शराब बनाने के उद्देश्य से महुआ लाहन को प्लास्टिक के डिब्बों में भरकर पत्थरों से बांधकर 3 से 4 फीट गहरे पानी में छुपाकर रखा गया है।
सूचना की पुष्टि के लिए चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने गोताखोरों की मदद से नदी में उतरकर गहन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिली। नदी के भीतर छुपाकर रखे गए करीब 55 प्लास्टिक डिब्बे बरामद किए गए, जिनमें लगभग 825 किलोग्राम महुआ लाहन भरा हुआ था। यह लाहन अवैध रूप से शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा था। मौके पर नष्ट करायापुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही पूरे लाहन को नष्ट कर दिया, जिससे अवैध शराब निर्माण की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई। कार्रवाई के बाद पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध गतिविधि में संलिप्त लोगों की पहचान की जा सके।
