
रीवा।नगर पालिक निगम रीवा के महापौर अजय मिश्रा बाबा ने जल प्रदाय को लेकर अधिकारियों की बैठक ली और कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त जल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
बैठक में उन्होने निर्देशित किया कि जलकर वसूली कार्य में तैनात 15 कर्मचारियों प्रतिदिन शाम के समय विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, कि वार्ड के किस क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या आ रही है, कहां पाइप लाइन टूटी हुई है, किन क्षेत्रों में पानी का प्रेशर कम है साथ ही रिपोर्ट के आधार पर गठित टास्क फोर्स द्वारा जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए. महापौर ने निर्देशित किया कि निरंतर अंतराल में डब्ल्यूटीपी के जल की गुणवत्ता का परीक्षण सुनिश्चित करें और शहर के सभी पार्षदों से समन्वय बनाकर उनके वार्ड में आ रहे गंदे पानी, लो प्रेशर से जुड़ी अन्य समस्याओं का तत्काल निराकरण करें एवं सीवर लाइन की खुदाई के दौरान यदि किसी भी स्थान पर जलप्रदाय की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होती है, तो संबंधित संविदाकार के विरुद्ध नियमानुसार पेनल्टी लगाई जाए. महापौर ने शहर के उन सभी क्षेत्रों की पहचान कर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए, जहां जलप्रदाय की पाइप लाइन नाली के नीचे या नाली के अंदर से होकर गुजर रही है. उन्होंने कहा कि ऐसी सभी जगह पर पाइप लाइन शिफ्टिंग का कार्य कर नल कनेक्शन किए जाय, बैठक के दौरान मेयर-इन-काउंसिल के सदस्य धनेन्द्र सिंह बघेल, श्रीमती रमा दुबे, रवि तिवारी, गुलाम अहमद, श्रीमती नजमा बेगम, श्रीमती सूफिया सहफूज खान, श्रीमती गायत्री लखन खण्डेलवाल एवं अधिकारीगण मौजूद रहे.
अवैध नल कनेक्शन पर एफआईआर के निर्देश
सीवर कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है लेकिन रिस्ट्रोरेशन अभी तक नहीं हुआ है, वहां गुणवत्तापूर्वक कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए. महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बिना पीएचई एवं सीवर विभाग से एनओसी लिए बिना शहर में किसी भी सडक़ का निर्माण कार्य न किया जाए. शहर में अवैध नल कनेक्शन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए.
बिना अनुमति के खुदाई करने पर सख्त कार्यवाही करें
महापौर ने टेलीकॉम कंपनियों एवं गैस पाइप लाइन कंपनियों द्वारा नगर निगम की अनुमति के बिना शहर में खुदाई या कार्य करती पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए. मार्च माह के अंत तक रीवा शहर के 100 प्रतिशत नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करने के निर्देश दिए. इसके लिए अतिरिक्त टीमें, संसाधन बढ़ा कर कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए. शहर के सभी व्यावसायिक एवं आवासीय भवनों के अवैध नल कनेक्शनों की जॉच करने के निर्देश दिए एवं नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
