नयी दिल्ली, 23 जुलाई (वार्ता) सितंबर में तीन मैचों की टी 20 सीरीज़ के लिए अफग़ानिस्तान, दिल्ली में भारत की मेज़बानी करेगा। यह पहली बार होगा कि जब अफ़ग़ानिस्तान किसी द्विपक्षीय सीरीज़ में भारत की भारत में ही मेज़बानी करेगा। यह सीरीज़ अफ़ग़ानिस्तान के भविष्य दौरा कार्यक्रम का हिस्सा है। क्रिकइंफो को पता चला है कि ये तीनों मैच दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे। यह पहली बार होगा कि जब दिल्ली में भारतीय टीम के तीन लगातार अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले अहमदाबाद, पुणे और कोलकाता में भारत के तीन या तीन से अधिक लगातार अंतरराष्ट्रीय मैच एक ही मैदान पर आयोजित किए गए हैं। लेकिन वह कोविड का समय था और तब भारत ने इन मैदानों पर क्रमशः इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ की सीमित ओवर (टी 20 और वनडे दोनों) सीरीज़ की मेज़बानी की थी।
कई मायनों में यह एक ऐतिहासिक सीरीज़ होगी क्योंकि इससे पहले अफ़ग़ानिस्तान के घरेलू मुक़ाबले भारत के लखनऊ, देहरादून और ग्रेटर नोएडा में आयोजित किए जाते रहे हैं, लेकिन ये सभी मुक़ाबले भारत नहीं अन्य टीमों के ख़िलाफ़ होते थे। यह सीरीज़ भारत के श्रीलंका दौरे और एशियाई खेलों के बीच आयोजित किया जाएगा। दो टेस्ट मैचों वाला भारत का श्रीलंका दौरा 27 अगस्त को समाप्त हो रहा है, जबकि इस अफ़ग़ानिस्तान सीरीज़ के तुरंत बाद भारतीय टीम एशियाई खेलों के लिए जापान रवाना होगी, जहां 24 सितंबर से तीन अक्टूबर तक टी 20 फ़ॉर्मेट में ही मुक़ाबले खेले जाएंगे। इससे पहले आईपीएल के तुरंत बाद जून में भारत ने अफ़ग़ानिस्तान की मेज़बानी की थी, जहां पर एकमात्र टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में भारत को एकतरफ़ा जीत हासिल हुई थी।

