ग्वालियर:हिन्दू महासभा ने देश पर बढ़ते विदेशी कर्ज, भ्रष्टाचार तथा अन्य मुद्दों को लेकर सरकार के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर करने लश्कर में आधे दिन का बंद रखा। भितरवार में 7 जून 2025 को हिंदू देवी-देवताओं के अपमान एवं धर्मांतरण से जुड़े आरोपों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी महासभा ने विरोध जताया और संबंधित प्रकरण में कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा ताजियों की ऊंचाई को लेकर दी गई कथित छूट तथा गणेश प्रतिमाओं की ऊंचाई पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर भी हिन्दू महासभा ने जिला प्रशासन के निर्णय पर सवाल उठाए। संगठन ने इसे धर्म विरोधी बताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज ने कहा कि यदि चार दिन के भीतर उठाई गई समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो हिन्दू महासभा चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।
बाजारों में दुकानदारों से मांगा समर्थन
बंद को सफल बनाने के लिए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामबाबू सेन, युवा महामंत्री धर्मेंद्र बरेलिया, राहुल गुप्ता, रोहित जाटव, मनीष माहौर, हेमराज जाटव, सूरज माहौर और दीपक जाटव सहित संगठन के पदाधिकारियों ने दाल बाजार, लोहिया बाजार, दौलतगंज, सराफा बाजार और नया बाजार क्षेत्र में दुकानदारों से बंद का समर्थन करने का आग्रह किया।
