
जबलपुर। शहर गलाव वाली ठंड से ठिठुर रहा है। सुबह और शाम ढलते ही ठंडी हवाएं चल रही है जो ठंड बढ़ा रही है। इसके साथ ही पारा में भी उतार चढ़ाव का दौर जारी है। शनिवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 67 और शाम को 53 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तरी हवाएं चार से पांच किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर पाकिस्तान एवं निकटवर्ती क्षेत्र में माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी ऊँचाई पर एक ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में अवस्थित है। उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर लगभग 176 किमी/घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है।
