
इंदौर. शहर में दो अलग अलग इलाकों से आत्महत्या की दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिनमें एक 20 वर्षीय युवक और एक 15 वर्षीय नाबालिग ने अपनी जान दे दी. दोनों ही मामलों में परिजनों ने मानसिक कमजोरी और लंबे समय से चल रही परेशानियों को वजह बताया है. पुलिस ने दोनों घटनाओं में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
पहली घटना शांति नगर, मूसाखेड़ी क्षेत्र की है, यहां रहने वाले 20 वर्षीय अमन पिता राजू ने तिलक नगर स्थित एक खाली मैदान में एसिड पीकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक अमन मानसिक रूप से कमजोर था और उसे लंबे समय से नींद न आने की समस्या थी. उसकी हालत को लेकर परिवार पहले से परेशान था. अचानक अमन घर से निकला और कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ने की सूचना मिली. उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मानसिक स्थिति को ही आत्महत्या का कारण माना जा रहा है. दूसरी घटना स्कीम 78 क्षेत्र की है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग प्रिंस पिता दिनेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रिंस भी मानसिक रूप से अस्वस्थ था. वह रात के समय अक्सर डर जाता था और अजीब अजीब बातें करता था. उसकी हालत में सुधार के लिए परिवार ने तंत्र मंत्र तक करवाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और अन्य पहलुओं के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है.
