इंदौर:लसूड़िया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 78 में शाम को हुई कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया. पत्थर रखने की बात पर शुरू हुआ विवाद उस समय बढ़ गया, जब एक महिला ने मोहल्ले के वृद्ध को थप्पड़ मारे और बाद में अपने पति को बुलाकर हमला करवा दिया.घटना शुक्रवार शाम करीब 5.30:बजे की बताई गई है, शिकायतकर्ता सुनीता जाधव ने पुलिस को बताया कि उनके 60 वर्षीय पति गोपाल जाधव का पड़ोस में रहने वाली सतीश सेन की पत्नी से विवाद हुआ.
महिला ने पहले गोपाल को दो थप्पड़ मारे और फिर फोन कर अपने पति सतीश को बुला लिया. सतीश घर से हाकीनुमा डंडा लेकर आया और आते ही गोपाल पर हमला कर दिया. हमले में गोपाल के चेहरे, गाल, पीठ, कमर, हाथ और पैर पर चोटें आईं. वारदात के दौरान उनकी नाक और मुंह से खून बहने लगा.
बीच-बचाव करने गई सुनीता को भी दो थप्पड़ मार दिए गए. जाते-जाते आरोपी दंपती गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर वहां से चले गए. मामले में पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की. वहीं घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
