शौक पूरे करने चुराते थे बाइक, दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

इंदौर:अपने शौक पूरे करने के लिए बाइक चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को लसुड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट और हीरो स्प्लेंडर बाइग बरामद हुई हैं. पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वाहन चोरी करना कबूल किया है. पुलिस उनके पुराने मामलों और अन्य वाहन चोरियों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
लसुड़िया क्षेत्र के स्कीम नंबर 136 में 13 अगस्त की रात निखिल चौहान की रॉयल एनफील्ड बुलेट घर के बाहर फुटपाथ पर लॉक करके खड़ी थी. रात करीब 10.30 बजे बाइक खड़ी करने के बाद निखिल घर के अंदर सोने चले गए. रात करीब 2.30 बजे दोस्त के आने पर बाहर निकले तो बाइक गायब थी.

आसपास तलाश करने के बाद भी पता नहीं चला. शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक एक बुलेट को स्कीम नंबर 136 की ओर धक्का देकर ले जा रहे हैं. पुलिस ने संदेह के आधार पर अमन सोनी उम्र 23 साल, निवासी स्कीम नंबर 51 और प्रथम सामंत उम्र 21 साल, निवासी सृष्टि पैलेस, छोटा बांगड़दा को पकड़ा. उनके कब्जे से चोरी की बुलेट बरामद हो गई. पूछताछ में दोनों ने 4 अगस्त को प्रेस्टीज कॉलेज के पास से हीरो स्प्लेंडर चोरी करना भी कबूला. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर स्प्लेंडर भी बरामद कर ली. बरामद दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब पौने तीन लाख रुपए बताई गई है.
दोनों पर पहले से दर्ज हैं कई केस
जांच में सामने आया कि अमन सोनी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 तक 11 प्रकरण सामने आए हैं. वहीं प्रथम सामंत के खिलाफ आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी सहित चार मामले दर्ज हैं. दोनों आरोपियों से अन्य चोरी के वाहनों और पूर्व की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. मामले में एसीपी विजय नगर पराग सैनी का कहना है कि दो वाहन चोरी के मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की बुलेट और स्प्लेंडर बरामद की गई हैं. दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है. उनसे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.

Next Post

चलती ट्रेन से गिरने से युवक की दर्दनाक मौत

Mon Aug 17 , 2026
पांढुरना: पांढुरना से लगे तिगांव-गुडनखापा के मध्य रेलवे पटरी पर एक युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पर घटनास्थल पहुंचे रेलवे पुलिस के सिपाही द्वारा युवक को नगर जिला मुख्यालय के चिकित्सालय लाया जहां चिकित्सकों द्वारा इसका स्वास्थ्य परीक्षण करने पर इसे मृत घोषित किया । रेलवे […]

You May Like

मनोरंजन