गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के विरोध में सतना में आम आदमी पार्टी का धरना प्रदर्शन

सतना: कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हाल ही में की गई भारी बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी  के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को  धरना-प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन शाम 4 बजे से 6 बजे तक सेमरिया चौक ओवरब्रिज के नीचे आयोजित किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कीमतों में कमी की मांग की .

इस प्रदर्शन में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में करीब ₹993 की बढ़ोतरी से होटल संचालकों, छोटे व्यापारियों और आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है.उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। धरने के दौरान कार्यकर्ता सेमरिया चौक ओवरब्रिज के नीचे बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताते रहे.

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा.
गौरतलब है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। अमृतसर सहित पंजाब के विभिन्न शहरों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कीमतों में कमी की मांग की है.

इसके अलावा चेन्नई और बैंगलोर जैसे महानगरों में भी अलग-अलग संगठनों द्वारा विरोध दर्ज कराया गया है.इसी क्रम में अब इसका असर सतना में भी देखने को मिला है, जहां स्थानीय स्तर पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना देकर अपना विरोध जताया।धरना-प्रदर्शन में डॉ. अमित सेन (जिला अध्यक्ष), सुखेन्द्र सिंह (जिला संगठन मंत्री), महेंद्र सिंह परिहार, प्रशांत पांडे तथा राम कलेश साकेत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Next Post

मैहर में गैस एजेंसियों के दो मामलों में एफआईआर दर्ज

Thu May 7 , 2026
मैहर :मैहर जिले में एलपीजी गैस वितरण में अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने कार्यवाही करते हुए दो गैस एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। यह कार्यवाही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। इनमें पहला मामला थाना बदेरा क्षेत्र के ग्राम आमातारा का […]

You May Like