सिराली। हरदा जिले की सिराली नगर परिषद में पार्षदों की नाराजगी खुलकर सामने आई। सोमवार को हुई अहम बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष को छोड़ कोई पार्षद उपस्थित नहीं हुआ। पार्षदों का आरोप है कि विकास कार्य ठप हैं, उनके वार्डों में जरूरी काम नहीं हो रहे और परिषद में मनमाने तरीके से फैसले लिए जा रहे हैं। कई बार प्रस्ताव व योजनाओं की जानकारी मांगी गई, पर न तो लिखित सूचना मिली न संतोषजनक जवाब। पार्षदों का कहना है कि उनकी भूमिका नाम मात्र की रह गई है। सीएमओ जयंत वर्मा ने बताया कि बैठक में अनुपस्थित रहने के कारणों की आधिकारिक जानकारी नहीं है। बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा और राष्ट्रीय पर्व की तैयारियां तय थीं, जिसे अब 13 अगस्त को पुनः आयोजित किया जाएगा। स्थानीय जानकार इसे सत्ता पक्ष में असंतोष का संकेत मान रहे हैं।
