जबलपुर: जिले के बेलखेड़ा थानान्र्तगत् ग्राम बेलखेड़ी निवासी एक किसान द्वारा गत दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में जहर का सेवन कर लेने से उसकी मौत होने की घटना सामने आई है। मृतक किसान लोचन सिंह (30) के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही की मांग को लेकर दी गई शिकायत में आरोपित किया गया है कि पुलिस द्वारा पीडि़त किसान को पकडक़र विगत एक से 4 जुलाई तक पुलिस कर्मियों के द्वारा बेलखेडा थाने में रखा गया था।
इस दौरान उससे मारपीट की गई और फिर उसे छोड़ दिया गया। उसके बाद 5 जुलाई को फिर से थाने में बुलाकर मारपीट कर रूपये की मांग की गई। संदिग्ध स्थिति में पीडि़त किसान ने जहर का सेवन कर लिया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत में पुलिस के आला अफसरों से दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्यवाही की मांग की गई हैं।
मप्र मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की मुख्य पीठ भोपाल में प्रकरण की सुनवाई करते हुये, आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव कुमार टण्डन की एकलपीठ ने प्रथम दृष्टया मानव अधिकारों के उल्लंघन का मामला मानकर, जबलपुर के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक माह में तलब किया है
