
नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल की कीमत में उछाल देखा गया जबकि गेहूं में नरमी रही। दालों के दाम बढ़ गये। चीनी भी मजबूत हुई जबकि खाद्य तेलों में घट-बढ़ रही।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज अवकाश रहा।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत 118 रुपये बढ़कर 3,848.88 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं तीन रुपये फिसलकर 2,849.43 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटा भी छह रुपये सस्ता हुआ और 3,300.30 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
सरसों तेल औसतन 101 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया। पाम ऑयल में 40 रुपये और सोया तेल में 68 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही। सूरजमुखी तेल की कीमत करीब 41 रुपये और मूंगफली तेल की 20 रुपये बढ़ गयी। वनस्पति 83 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
दाल-दलहनों में तेजी का रुख रहा। तुअर दाल की औसत कीमत 208 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चना दाल 134 रुपये और मूंग दाल 100 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। मसूर दाल की कीमत में 146 रुपये और उड़द दाल में 40 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़त दर्ज की गयी।
गुड़-चीनी : मीठे के बाजार में गुड़ की औसत कीमत करीब 75 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ी। चीनी भी करीब 22 रुपये महंगी हुई।
