कच्चे तेल में नरमी से रुपया 67 पैसे मजबूत

मुंबई, 12 जून (वार्ता) कच्चे तेल में नरमी और विदेशों में बॉन्ड यील्ड घटने से शुक्रवार को रुपया 67 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.18 रुपये का बोला गया।

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद से कच्चे तेल में अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट है और शेयर बाजार बढ़त में हैं जबकि बॉन्ड यील्ड घट गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता काफी आगे पहुंच गयी है और इस सप्ताहांत पर समझौता संभव है।

श्री ट्रंप के इस बयान के बाद आज कच्चा तेल दो प्रतिशत से अधिक गिरकर 88 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया। इससे रुपये को समर्थन मिला।

अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में भारतीय मुद्रा 45 पैसे की बढ़त के साथ 95.40 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। पूरे दिन इसमें उतार-चढ़ाव देखा गया।

बीच कारोबार में रुपया नीचे 95.53 प्रति डॉलर तक उतरा था, लेकिन दोपहर बाद 94.95 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। अंत में 95.18 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

पिछले कारोबारी दिवस पर रुपया 60 पैसे गिरकर रुपया 95.85 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

रुपये की तेजी में डॉलर की गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों की तेजी का भी योगदान रहा। दुनिया की दूसरी प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक आज 0.05 प्रतिशत गिर गया।

वहीं, घरेलू शेयर बाजारों में आज चौतरफा लिवाली देखी गयी और प्रमुख सूचकांक दो प्रतिशत की बढ़त में बंद हुए।

Next Post

सिर में चोट लगने के डर के बाद मेहदी को हॉस्पिटल से छुट्टी मिली

Fri Jun 12 , 2026
ढाका, 12 जून (वार्ता) बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शनिवार को बताया कि वनडे कप्तान मेहदी हसन मिराज हॉस्पिटल से घर लौट आए हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बंगलादेश के दूसरे मैच के दौरान सिर पर चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीसीबी अधिकारियों ने कहा […]

You May Like