
नीमच। जिले का मौसम इन दिनों लोगों के लिए परेशानी बढ़ा रहा है। दिन में भीषण गर्मी और उमस से लोगों का हाल-बेहाल हो गया है। कई जगह गर्जना भी सुनाई दी, जिससे लोगों को लगा कि अब बारिश होगी और मौसम ठंडा पड़ेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बादल तो आए, गरजे भी, लेकिन बिना बरसे ही निकल गए।
इसका असर बुधवार दोपहर से साफ नजर आया, जब तेज धूप के साथ उमस ने लोगों को फिर से बेहाल कर दिया। मौसम का यही बदला हुआ मिजाज अब लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बन गया है।
तापमान फिर 38 डिग्री के पार
शहर में एक बार फिर गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री दर्ज किया गया। यानी अब रात में भी मौसम ठंडा नहीं हो रहा। पहले लोग देर शाम या रात में कुछ राहत महसूस कर लेते थे, लेकिन अब रात के समय भी गर्मी और चिपचिपाहट बनी हुई है। सुबह से तेज धूप निकलने के बाद दोपहर तक हालात और मुश्किल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है जिन्हें काम के लिए घर से बाहर निकलना पड़ रहा है। बाजार, सडक़ें और दफ्तरों तक में उमस का असर महसूस किया जा रहा है। पंखे और कूलर चलने के बाद भी राहत कम मिल रही है, क्योंकि हवा में नमी बढऩे से गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। ऐसे मौसम में सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
26 जून से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने फिलहाल अगले कुछ दिन तक ज्यादा राहत नहीं मिलने के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार 26 जून से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। अगर यह अनुमान सही साबित होता है तो नीमच जिले को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल लोगों की नजर अब 26 जून पर टिकी हुई है। शहर में हर कोई अच्छी बारिश का इंतजार कर रहा है, क्योंकि अभी हालात ऐसे हैं कि बादल तो दिख रहे हैं, लेकिन राहत नहीं दे रहे।
