जबलपुर: स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की गोवर्धन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत महगवां परियट, जनपद पंचायत पनागर में स्वीकृत बायोगैस प्लांट का स्थल निरीक्षण जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत द्वारा किया गया। प्रस्तावित 30 घन मीटर क्षमता के इस संयंत्र की लागत 22 लाख 67 हजार रुपये है। संयंत्र स्थल से लगभग 400 मीटर दूरी पर स्थित एकलव्य आदिवासी आवासीय विद्यालय में वर्तमान में भोजन पकाने के लिए हर माह करीब 60 गैस सिलेंडर खर्च होते हैं।
बायोगैस प्लांट स्थापित होने के बाद इसी गैस से बच्चों का भोजन तैयार किया जाएगा, जिससे लगभग 60 हजार रुपये प्रतिमाह की आय संयंत्र संचालन के लिए प्राप्त होगी। साथ ही स्लरी, खाद एवं गौकाष्ठ से अतिरिक्त आय भी होगी।निरीक्षण के दौरान अभिषेक गहलोत ने जनपद पंचायत पनागर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित उपयंत्री को आवश्यकतानुसार पुनरीक्षित प्राक्कलन तैयार कर प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त करने के निर्देश दिए।
