दिल्ली में नकली प्यूमा जूता फैक्ट्री का भंडाफोड़; पांच करोड़ रुपये से अधिक का नकली सामान जब्त

नयी दिल्ली, 28 मई (वार्ता) राजधानी दिल्ली में द्वारका अदालत द्वारा नियुक्त लोकल कोर्ट कमिश्नर एडवोकेट विष्णु जोशी और दिल्ली पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में बड़े पैमाने पर नामी ब्रांड प्यूमा की नकल कर जूता चप्पल बनाने वाले कारखाने पर छापेमारी करते हुए पांच करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नकली सामान, मशीनें और कच्चा माल जब्त किया है। यह कार्रवाई 23 और 24 मई को की गई। इस छापे के दौरान अधिकारियों को एक पूरी तरह से सक्रिय मगर गुप्त फैक्ट्री मिली। यह कथित तौर पर मशहूर ब्रांड प्यूमा के नाम से नकली जूता चप्पलें बनाने का काम कर रही थी। रिपोर्ट के अनुसार, यह फैक्ट्री बाहर से बंद दिखती थी और इस पर ताला लटका रहता था। जब जांच टीम वहां पहुंची ताे उन्हें अंदर से मशीनों के चलने की आवाजें आ रही थीं, लाइटें जल रही थीं। जांच टीम के बार-बार खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो अधिकारियों ने अदालती आदेश के तहत पुलिस की मौजूदगी में ताला तोड़ा और परिसर में प्रवेश किया।

जांचकर्ताओं को इमारत की कई मंजिलों पर भारी मात्रा में नकली चप्पलें, सैंडल, पट्टियाँ (स्ट्रैप्स), तलवे (सोल्स), पैकेजिंग सामग्री और औद्योगिक मशीनें बिखरी हुई मिलीं। छापेमारी की भनक लगते ही कई मजदूर छत के रास्ते भाग निकले, जबकि कुछ मशीनों पर काम करते हुए मिले। वहां मौजूद मजदूरों ने अधिकारियों को बताया कि इस परिसर में पिछले कई महीनों से नकली ब्रांडेड फुटवियर बनाए जा रहे थे और किसी को शक न हो, इसलिए जानबूझकर इसे बाहर से बंद रखा जाता था।

इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने बाजार में बिकने के लिए तैयार करीब 5,366 जोड़ी नकली प्यूमा फुटवियर जब्त किए. इसके अलावा, 23,000 से अधिक नकली स्ट्रैप्स, 8,000 से अधिक सोल्स, हजारों नकली एमआरपी टैग, पैकेजिंग बॉक्स, पीवीसी कच्चा माल और अकाउंट रजिस्टर भी बरामद किए गए।निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली कई औद्योगिक मशीनों को भी जब्त कर लिया गया है।
लोकल कमिश्नर की रिपोर्ट के मुताबिक, जब्त किए गए केवल तैयार नकली फुटवियर की अनुमानित बाजार कीमत ही लगभग 2.14 करोड़ रुपये है। अधिकारियों ने कहा कि वहां मौजूद अर्ध-निर्मित सामान का इस्तेमाल कर कई करोड़ रुपये के हजारों और नकली उत्पाद तैयार किए जा सकते थे। कच्चे माल, मशीनरी, पैकेजिंग और पूरी निर्माण इकाई को मिलाकर इस जब्त किए गए नकली नेटवर्क की कुल कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है. इस अभियान के दौरान अधिकारियों ने एक अन्य इकाई से “फेरारी” ब्रांडिंग वाले नकली फुटवियर स्ट्रैप्स भी बरामद किए, जिन्हें बाद में जब्त कर लिया गया. मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

.....

Next Post

घर में लगी आग, आधा दर्जन पशु जिंदा जले

Thu May 28 , 2026
सीधी: नगर परिषद चुरहट के वार्ड क्रमांक 7 कोलदहा स्थित एक घर में आग लगने से आधा दर्जन पशु जिंदा जल गए। वहीं आग से काफी मात्रा में खाद्यान्न भी जलकर खाक हो गया। विडंबना यह रही कि आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को फोन किया गया […]

You May Like