भाजपा ने अकोइजम को मणिपुर चुनाव की जिम्मेदारी देने पर कांग्रेस को घेरा

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यौन उत्पीड़न के आरोप में घिरे सांसद बिमोल अकोइजम को मणिपुर कांग्रेस की चुनाव समिति का सह अध्यक्ष बनाए जाने की आलोचना करते हुए कहा है कि यह विपक्षी पार्टी के नैतिक मूल्यों पर बड़ा प्रश्न चिह्न खड़ा करता है।
भाजपा की लोकसभा सदस्य बांसुरी स्वराज ने शनिवार को एक बयान में कहा, “मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों में यह हैरान करने वाली बात है कि कांग्रेस के मौजूदा सांसद बिमोल अकोइजम, जिन पर यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप हैं, उन्हें चुनाव समिति, प्रचार समिति और घोषणापत्र समिति का सह-अध्यक्ष बनाया गया है। घोषणापत्र समिति में होने का मतलब है कि कांग्रेस के संकल्प पत्र को तैयार करने में उनकी मुख्य भूमिका है।”

भाजपा सांसद ने कहा कि इस तरह मणिपुर में कांग्रेस की दिशा वही तय करेंगे, जो यौन उत्पीड़न के आरोप में फंसे हैं। सुश्री स्वराज ने कहा, ” जब दिशा ही इतनी गलत हो, तो जाहिर है कि पार्टी की हालत और खराब होनी ही है। यह हैरानी की बात है कि कांग्रेस के नैतिक सिद्धांत नैतिकता पर नहीं, बल्कि नारों पर चलते हैं और राजनीतिक स्वार्थ की भेंट चढ़ जाते हैं।” भाजपा सांसद ने अकोइजम प्रकरण में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार देश की महिलाओं को न केवल सशक्त बना रही है, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माता के रूप में स्थापित कर रही है दूसरी तरफ कांग्रेस है जो अकोइजम जैसे लोगों को प्रोत्साहित करती है।

.....

Next Post

भोपाल नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स में हेराफेरी का मामला

Sat Nov 14 , 2026
10 अधिकारी-कर्मचारी जांच के दायरे में, 276 खाते संदेह के घेरे में भोपाल नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। बड़े बकायादारों का टैक्स कम करने के आरोप में निगम के करीब 10 अधिकारी और कर्मचारी जांच के दायरे में हैं। वहीं, 276 से […]

You May Like