
ग्वालियर। मप्र चेंबर आफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल ने कहा है कि व्यापारी वर्ग के हितों की रक्षा और उनका सम्मान सर्वोपरि है, वह 24 घंटे व्यापारी वर्ग व चेंबर सदस्यों के हित की रक्षा में सक्रिय रहते हैं। डा. अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी हित की बात आये तो वह सरकार के समक्ष भी आंदोलन से कभी पीछे नहीं हटे और उन्होंने हमेशा सर्वहारा व्यापारी वर्ग के हित की बात रखी हैं। यदि सरकार के सामने आंदोलन भी करना पड़ा तो सबसे अग्रिम पंक्ति में रहे।
शनिवार को चेंबर अध्यक्ष डा. अग्रवाल ने कहा कि सरकार व किसी भी अधिकारी के समक्ष व्यापारी वर्ग के हित की बात उठाने में जिगर चाहिये। उन्होंने व्यापारी वर्ग की समस्यायें हल करने में अपना नफा नुकसान भी नहीं देखा। डा. अग्रवाल ने कहा कि उनका कोई विरोधी नहीं है, उनके केवल वो ही विरोधी हो सकते है जिनके हित न सध पा रहे हैं। डा. अग्रवाल ने कहा कि यह कहना गलत है कि वह केवल उर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से ही मिलते हैं। डा. अग्रवाल ने कहा कि दोनों नेता स्थानीय है और उनका पारिवारिक नाता रहा है इसलिये उनसे आमतौर पर मिलना होता है। वह दोनों नेताओं के अलावा सभी को ग्वालियर प्रवास पर चेंबर में बुलाते रहे हैं और चेंबर के व्यापारी वर्ग के हित में दिल्ली, भोपाल जाकर भी मिलते हैं। व्यापारियों की बात रखते हैं जिस कारण ग्वालियर के चेंबर आफ कामर्स की साख हर जगह हैं। डा. अग्रवाल ने कहा कि वह केवल चुनाव के समय सक्रिय होकर व्यापारियों या व्यापार विकास के हितैषी बनने का प्रयास नहीं करते बल्कि अपना पूरा जीवन उन्होंने व्यापारियों की सेवा और व्यापारिक विकास के लिये समर्पित कर दिया है। जो जीवन की अंतिम सांस तक जारी रहेगा। उनका दर्पण तो चेंबर के सदस्य व व्यापारी हैं, जो बता सकते हैं कि डा. प्रवीण अग्रवाल व्यापारी हित में 24 घंटे उपलब्ध रहा है।
