कृषि स्नातक की प्रवेश परीक्षा में पात्रता के नियम बदले

नयी दिल्ली, 03 अक्टूबर (वार्ता) केंद्र सरकार ने कृषि शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा फैसला करते हुए कहा है कि 12वीं में जीवविज्ञान, रसायन, भौतिकी, गणित या कृषि विषय से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी समान रूप से स्नातक प्रवेश परीक्षा दे सकेंगे।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी देते हुए कहा कि ‘एक देश-एक कृषि-एक टीम’ की भावना के अनुरूप, देश भर के छात्रों के लिए पात्रता मानदंड एवं विषय समूह को एक समान कर दिया गया है जिससे अब छात्र राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी – आईसीएआर) के जरिये सीधे-पारदर्शी तरीके से कृषि पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकेंगे। इसके अलावा कृषि विश्वविद्यालयों की 20 प्रतिशत स्नातक सीटें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से भरी जायेंगी।

गौरतलब है कि सीयूईटी -आईसीएआर, कृषि एवं संबद्ध विज्ञान के स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आईसीएआर, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के माध्यम से एक प्रवेश परीक्षा आयोजित करती है। यह परीक्षा उन उम्मीदवारों के लिए है जो आईसीएआर से संबद्ध विश्वविद्यालयों में कृषि और संबद्ध विज्ञान के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि कृषि स्नातक (बीएससी – एग्री) में, प्रवेश को लेकर कुछ वर्षों से एक बड़ी समस्या छात्र-छात्राओं के लिए अक्षम पात्रता मानदंड की थी। समस्या यह थी कि 12वीं में अलग-अलग विषय संयोजनों (कृषि/ जीव विज्ञान / रसायन / भौतिकी / गणित) तथा विभिन्न राज्यों के अलग नियमों और पात्रता के कारण योग्य छात्र-छात्राएं बीएससी (कृषि) की पढ़ाई नहीं कर पाते थे।

इस बारे में पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया के माध्यम से विद्यार्थियों ने समस्या बताई थी, वहीं कुछ राज्यों के जनप्रतिनिधियों ने भी श्री चौहान को इस संबंध में लिखा था। इस पर श्री चौहान ने आईसीएआर के महानिदेशक डा. मांगी लाल जाट को निर्देशित किया कि वे राज्यों के कृषि विश्वविद्यालयों एवं उनके कुलपतियों के साथ बातचीत करके इसका त्वरित हल ढूंढ़ने की दिशा में काम करें।

श्री चौहान ने कहा कि नये फैसले से अब देशभर के छात्र-छात्राओं के लिए प्रवेश के अवसर सुगम तथा एक समान हो गए हैं। इस व्यवस्था से शैक्षणिक वर्ष 2025-26 से बीएससी -कृषि में प्रवेश संबंधित सभी जटिलताएं दूर हो गई हैं और हजारों विद्यार्थियों को सीधे-सीधे इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि बीएससी (कृषि) में आईसीएआर सीटें प्रदान करने वाले 50 कृषि विश्वविद्यालयों में से 42 ने एबीसी ( कृषि, जीव विज्ञान, रसायन ) विषय संयोजन को पात्रता मानदंड के रूप में स्वीकार कर लिया है। इसे आमतौर पर कृषि/इंटर कृषि के छात्र पढ़ते हैं। इसके अलावा, तीन विश्वविद्यालयों ने पीसीए (भौतिक, रसायन, कृषि) संयोजन को भी स्वीकार कर लिया है। जबकि शेष पांच विश्वविद्यालयों ने आश्वासन दिया कि वे आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 12वीं में कृषि विषय को प्रवेश पात्रता में शामिल करेंगे।

इस प्रयास के तहत 2025-26 में बीएससी (कृषि) में आईसीएआर कोटे के अंतर्गत उपलब्ध 3121 सीटों में से करीब 2700 सीटें (लगभग 85 प्रतिशत) 12वीं कृषि/इंटर-कृषि विषय वाले छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध होगी।

Next Post

पोंजी स्कीम मामले में ईडी ने की 61.53 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क

Fri Oct 3 , 2025
नयी दिल्ली, 03 अक्टूबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पणजी क्षेत्रीय कार्यालय ने हाल ही में रंगगीता एंटरप्राइजेज से जुड़े मामले में गोहिल जयकुमार और अन्य संबद्ध लोगों की विभिन्न तरह की चल और अचल संपत्ति कुर्क की है। इनमें 61.53 लाख रुपये मूल्य के दो आवासीय फ्लैट, एक सावधि जमा […]

You May Like